कुरुक्षेत्र, 13 जनवरी।  पटवारी एवं कानूनगो संगठन द्वारा जारी धरना-प्रदर्शन को लेकर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि सरकार ने इनके साथ धोखा किया है। पिछली बार सरकार ने इनकी मांगे मानने का आश्वासन दिया था। लेकिन उस पर अमल नहीं किया। इसी वजह से पटवारी और कानूनगो 3 जनवरी से लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते सरकारी कामकाज बाधित हो रहे हैं और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जरूरी है कि सरकार कर्मचारियों से किए अपने वादे को निभाए और इनकी मांगों को पूरा करे। 

अशोक अरोड़ा ने बयान जारी कर कहा कि है ये सरकार कर्मचारी, जवान और किसान समेत हर वर्ग की दुश्मन बनी हुई है। किसानों के साथ एक बार फिर धोखा करते हुए यूरिया बैग के वजन को घटाकर 45 से 40 किलो कर दिया गया है। जबकि किसान को इसके लिए पहले जितनी कीमत ही चुकानी पड़ेगी। इससे पहले 50 किलो के बैग का वजन घटकर 45 किलो किया गया था। सरकार लगातार खाद, बीज, दवाई और पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाकर किसानों की लागत में इजाफा कर रही है। इसके चलते खेती घाटे का सौदा बन गई है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो कहती है वह करती है। लेकिन भाजपा-जजपा सरकार प्रदेश के हर वर्ग को शोषण कर रही है। अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर सभी खाली पदों को पक्की भर्तियां होंगी। जिन 11 हजार सफाई कर्मियों को कांग्रेस सरकार के समय नियुक्त किया था, उनके समेत तमाम चौकीदार और मनरेगा मेट को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा बुजुर्गों को 6 हजार रुपए बुढ़ापा पेंशन, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट, एससी-ओबीसी व गरीब बच्चों को वजीफा भी दिया जाएगा।